🙏🏻🕉️ *जय गुरूदेव* 🕉️🙏🏻
साधना में : आलस्य बड़ा दुश्मन है*
*प्यारे प्रियदर्शनो!*
आपलोग अपने-अपने घरों में नित्य सत्संग करते होंगे। हो सकता है कोई भूल भी करते होंगे। जो भूल करते हैं, वे अपनी हानि करते हैं। भूल नहीं करनी चाहिए। जिस गाँव में कुछ सत्संगी अधिक हुए हैं, गुरु महाराज ने जैसा कहा था कि जहाँ सात सत्संगी हों, वहाँ सत्संग-घर बना देना। उसमें नित्य सत्संग करो। उन्हीं की आज्ञा पालन के लिए इस जिले में कितने सत्संग-घर हो गए। फिर भागलपुर, मुंगेर, सहरसा, संथालपरगना में भी सत्संग-मन्दिर है। जहाँ कम-से-कम सात सत्संगी हों, वहाँ सत्संग-मन्दिर बनाकर सत्संग करो, बड़ा पुण्य होगा। जो लोग भगवान में श्रद्धा रखते हैं, वे ठाकुरबाड़ी, शिवालय बनाते हैं। ये ठाकुरबाड़ी और शिवालय केवल पूजा के लिए नहीं, सत्संग के लिए भी ये स्थान हैं। सत्संग नहीं हो तो होते-होते पूजा छूट जाए। और सत्संग होते रहने से सत्संग प्रेरण करेगा पूजा करने के लिए। इसी तरह सत्संग-मन्दिर सत्संग करने के लिए प्रेरण करेगा। और सत्संग ध्यान करने के लिए प्रेरण करेगा। क्योंकि जिस बात को बारबार सुनो, उस काम को करने की प्रेरणा मिलती है। बारम्बार काशी की महिमा सुनाते-सुनाते युधिष्ठिर का मन काशी की ओर जाने के लिए फेरा गया। इसी तरह बारम्बार सत्संग सुनो, ईश्वर की ओर मन होगा। जितने ईश्वर की ओर हुए हैं, सत्संग से ही।
बिनु सत्संग भगति निंह होई। ते तब मिलिंहं द्रवहिं जब सोई।।
गोस्वामी तुलसीदासजी ने कहा है। इसलिए सत्संग की बड़ी आवश्यकता है। सत्संग करो, करते-करते ध्यान में मन लगेगा। तुम आलस में पड़कर सत्संग, ध्यान नहीं करते हो। सत्संग करो तो ईश्वर-भजन करने का प्रेरण मिलेगा।
एक नवयुवक ने कहा कि आप सत्संग करते हैं, सत्संग से क्या लाभ होता है, कहिए? मैं रेलगाड़ी पर चढ़नेवाला था। मैंने कहा-गोस्वामी तुलसीदासजी ने रामचरितमानस में लिखा है कि-
मति कीरति गति भूति भलाई। जब जेहिं जतन जहाँ जेहि पाई।।
सो जानब सत्संग प्रभाऊ। लोकउ बेद न आन उपाऊ।।
इन पाँचो को प्राप्त करना सत्संग के प्रभाव से होता है। इसलिए सत्संग करो। ये पाँचों चीजें ऐसी हैं कि जिनकी बड़ी महिमा है।
ये पाँचो पदार्थ मिल जाएँ, तो और क्या चाहिए? ये पाँचो पदार्थ बड़े भाग्य से मिलते हैं। जिनको ये मिले हैं, सत्संग प्रभाव से ही। इसलिए सत्संग अवश्य कीजिए। अभी संत कबीर साहब का भजन गाया गया-
मेरी सुरत सुहागिनी जाग री ।
क्या तू सोवत मोह नींद में, उठि के भजनियाँ में लाग री ।।
चित से शब्द सुनो सरबन दे, उठत मधुर धुन राग री ।।
दोउ कर जोड़ि सीस चरणन दे, भक्ति अचल वर माँग री ।।
कहै कबीर सुनो भाइ साधो, जगत पीठ दे भाग री ।।
अज्ञानता की नींद में क्या सोते हो? इस नींद से उठो, जागो। साधारण निद्रा की बात नहीं, मोह की नींद में आप सोए हैं। चाहे आप बैठे रहें, चलते रहें, मोह की नींद में हैं। उठो, भजन करो, मोह छूटेगा। लोग कहेंगे-‘हम कब सोए हैं? हम तो चलते-फिरते हैं।’ लेकिन गोस्वामी तुलसीदासजी कहते हैं-
मोह निसा सब सोवनिहारा। देखिय सपन अनेक प्रकारा।।
और कबीर साहब कहते हैं-
तन सराय मन पाहरू, मनसा उतरी आय ।
कोउ काहू का है नहीं, सब देखा ठोक बजाय ।।
सपने सोया मानवा, खोल देख जो नैन ।
जीव पड़ा बहु लूट में, ना कछू लेन न देन ।।
अगर जग जाओ तो ‘कोउ काहू का है नहीं’ यह प्रत्यक्ष हो जाएगा। यदि समझो कि यह बौद्धिक जगना है, तो बौद्धिक जगना मनन में होता है। मनन स्थिर रहता नहीं है। तब क्या तुम जग सकोगे? जगने में ही, फिर जगने कहते हैं-‘खोल देख निज नैन’ यह कौन आँख है? जिससे तुम भीतर देखोगे, वह आँख है। हाड़, चाम, मांस का शरीर है। इसके अतिरिक्त तुम्हारे अंदर अंधकार है। इसके बाद ज्योति मण्डल है। बिना ज्योति के आँख में रोशनी कहाँ से आती है? इस आँख को खोलो, जिससे अंतःप्रकाश मालूम हो।
क्या जामा जमशेद का, क्या सिकन्दर ऐन ।
दिल चश्मा से देखिए, अविगत सूझै नैन ।।
जामा=कटोरा, ऐन=ऐना। अंतर के नेत्र हैं, उससे देखो। अंतर में देखने की जो कोशिश होती है, उसी कोशिश से आँख को खोला जाता है।
उस आँख के खुलने से तीन अवस्थाएँ नहीं रहती हैं। जैसे सोए थे और जग गए तो संसार को देखने लगे। उसी तरह तीन अवस्थाओं से पार हो गए तो अंदर में देखते हो। इसलिए भजन करो। उठो और देखो। मतलब यह कि चौथी अवस्था में जाओ। गोस्वामी तुलसीदासजी कहते हैं-
तीन अवस्था तजहु भजहु भगवन्त।
तीन अवस्था से परे चौथी में जाओ, तब जगना होगा, आरोहण होगा।
इसी को पलटू साहब ने कहा है- रूह करै मेराज कुफर का खोलि कुलावा भजन कैसे करो, तो कहा-चित से शब्द सुनो सरवन दे ।
वेद में आया है-दृष्टि-शक्ति बढ़ाओ। श्रवण-शक्ति को बढ़ाओ। लेकिन यह सीखोगे कहाँ? जो इसको जानता है, उनके चरणों में शीश नवाकर, हाथ जोड़कर सीखो। उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम किसी तरफ भी जाओ, संसार रहेगा। संसार की ओर पीठ कैसे दी जाएगी? चौथी अवस्था में जाओ तो संसार से ऊपर उठना होगा और तब संसार को पीठ देना होता है।
‘खोल देख निज नैन’ यह दृष्टियोग है। और ‘चित से शब्द सुनो सरवन दे’ यह शब्द-योग है।
संत लोग कहाँ तक पहुँचते हैं? लोग नहीं जानते हैं।
संत दादू दयालजी कहते हैं-
दादू जानै न कोई , संतन की गति गोई।। टेक।।
अविगत अंत अंत अंतर पट, अगम अगाध अगोई ।
सुन्नी सुन्न सुन्न के पारा, अगुन सगुन नहिं दोई ।।
अंड न पिंड खंड ब्रह्मण्डा, सूरत सिंध समोई ।
निराकार आकार न जोति, पूरन ब्रह्म न होई ।।
इनके पार सार सोइ पइहैं, तन मन गति पति खोई ।
दादू दीन लीन चरनन चित, मैं उनकी सरनोई ।।
संत लोग अविगत तक जाते हैं। वह अविगत कहाँ है? अंदर के अंतिम पट में है। अंदर-अंदर चलो तो अंत में मिलेगा। क्या मिलेगा? तो कहा- ‘सुन्नी सुन्न सुन्न के पारा।’ यानी तीन शून्य- अंधकार, प्रकाश और शब्द; ये तीन शून्य मिलेंगे, उसके बाद ‘अगुन सगुन नहिं दोई’ है। तारीफ को भी गुण कहते हैं। इसलिए जिसकी तारीफ है, उसको निर्गुण कैसे कहा जाय? दूसरी बात है कि तीन गुणों के बाहर जो है, वह निर्गुण है और फिर सगुण भी नहीं है। तो क्या है? जड़-प्रकृति को ज्ञान नहीं है। वह मलिन माया है और एक निर्मल माया भी है। विद्या और अविद्या कहकर मानो तो हो सकता है। विद्या माया और अविद्या माया अर्थात् अविद्या माया अपरा प्रकृति और विद्यामाया-परा प्रकृति है। अपरा प्रकृति त्रयगुण है और परा प्रकृति निर्गुण है। इन दोनों के परे जो है, वह निर्गुण-सर्गुण नहीं है। परा प्रकृति निर्गुण है, जो शब्द-ब्रह्म है। अक्षरं परमोनादः शब्द ब्रह्मेति कथ्यते। (योगशिखोपनिषद्)। शब्द दो प्रकार के हैं-नित्य और अनित्य। नित्य शब्द में परिवर्तन नहीं होता। जिसको आदि नाद या स्फोट कहते हैं। वह निर्गुण है और जिस शब्द को आकाश का गुण कहते हैं, वह सगुण है।
जहाँ से जो शब्द निकलता है, वहाँ वह विलीन हो जाता है। वहाँ शब्द नहीं रहता। उसको संतों ने अनाम और उपनिषद् में ‘निःशब्दं परमं पदम्’ कहा है। परा प्रकृति निर्गुण और अपरा प्रकृति सगुण है। जो आदि निर्गुण तत्त्व है, उससे जो बढ़कर है, वह निर्गुण तो है ही नहीं और सगुण तो कहाँ से होगा?
पिण्ड-ब्रह्माण्ड, परा-अपरा प्रकृति के परे, शब्द-ब्रह्म के परे, तीन शून्यों के परे जो हो वह परमात्मा हैं, इससे आगे कुछ कहा नहीं जा सकता। उससे आगे कुछ कहा जाय और समझा न हो तो ठीक नहीं है। नहीं तो दूसरे कहेंगे, उससे भी कुछ आगे है।
लोग कहते हैं कि मीराबाई भगवान श्रीकृष्ण के केवल सगुण-रूप की उपासिका थी। लेकिन ऐसी बात नहीं। मीराबाई कहती हैं-
ऊँची अटरिया लाल किवड़िया,निरगुण सेज बिछी ।।
पंच रंगी झालर शुभ सोहै, फूलन फूल कली ।
बाजू बंद कडूला सोहै, माँग सिन्दूर भरी ।।
सुमिरण थाल हाथ में लीन्हा,शोभा अधिक भली ।
सेज सुखमणाँ ‘मीराँ’सोवै, शुभ है आज घड़ी ।।
उपनिषद् में ज्योति को भी एक परदा बताया है-
हिरण्मयेन पात्रेण सत्यस्यापिहितं मुखम् ।
तत्त्वं पूषन्नपावृणु सत्य धर्माय दृष्टये ।।
-ईशावास्योपनिषद्, मंत्र 15
अर्थात् आदित्य मण्डलस्थ ब्रह्म का मुख ज्यातिर्मय पात्र से ढका हुआ है। हे पूषन्! मुझ सत्यधर्मा को आत्मा की उपलब्धि कराने कि लिए तू उसे उघाड़ दे। मीराबाई के वचन में पंचरंगी झालर की चर्चा है। वह क्या है? ध्यान करते समय अभ्यासी को पाँच तत्त्व के पाँच रंग मालूम होते हैं।
स्याही सुरख सफेदी होई। जरद जाति जंगाली सोई ।।
-तुलसी साहब
पृथ्वी का रंग पीला, जल का रंग लाल, अग्नि का रंग काला, वायु का रंग हरा और आकाश का रंग साफ; ये ही पाँचों रंग पंचरंगी झालर हैं। कडूला=कड़ा=दम। बाजूबन्द=शम है।
इस तरह भजन करो तो मूर्द्धा में प्रकाश मालूम होगा। यही माँग का सिन्दूर है। मीराबाई तो विधवा थी, उनको सिन्दूर की क्या जरूरत? यह उपमा के लिए कहा गया है। ‘सेज सुखमणाँ ‘मीराँ’सोवै, शुभ है आज घड़ी।।’ मीराबाई की तरह राजस्थान में सहजोबाई और दयाबाई भी हुई है।
सहजोबाई कहती है-
भया जी हरि रस पी मतवारा ।
आठ पहर झूमत ही बीते, डारि दियो सब भारा ।।
इड़ा पिंगला ऊपर पहुँचे, सुखमन पाट उघारा ।
पीवन लगे सुधा रस जब ही, दुर्जन पड़ी बिडारा ।।
गंग जमुन बिच आसन मार्यो,चमक चमक चमकारा ।
भँवर गुफा में दृढ़ ह्वै बैठे, देख्यो अधिक उजारा ।।
चित स्थिर चंचल मन थाका, पाँचों का बल हारा ।
चरणदास कृपा सूँ सहजो, भरम करम भयो छारा ।।
आलस्य बड़ा दुश्मन है। सब तरह के इन्तजाम रहने पर भी आलस्य कहता है सोओ। भजन करने नहीं देता। भगवान बुद्ध ने कहा-निरालसी बनो। आलस्य मत करो। निरालसी होने से इन्द्र देवताओं का राजा हुआ। स्थूल काम में लोग आलस्य छोड़ेगा, लेकिन भजन करने में आलस्य आता है, इसको रोको। गुरु महाराज कहते थे कि गोरखनाथजी को भी आलस्य आता था। उन्होंने स्थूल-देह को कष्ट दे-देकर आलस्य छुड़ाया। देह को कष्ट नहीं दो लेकिन आलस्य छुड़ाओ। कोई ख्याल नहीं आवे और आलस्य नहीं आवे तो समझो कि भजन बन गया। जिस मिनट में वा जिस सेकेण्ड में ऐसा होता है, उसी मिनट में वा सेकेण्ड में भजन बनता है।
***************
*यह प्रवचन पुरैनियाँ जिलान्तर्गत ग्राम-रोशनाहाट में दिनांक 4. 4. 1964 ई0 को सत्संग में हुआ था।*
***************
सदगुरु महर्षि मेंहीं परमहंस जी महाराज के प्रवचन को पढ़ने के लिए इसे फोलो जरूर करें।
रविवार, 29 नवंबर 2026
साधना में आलस्य बड़ा दुश्मन है -सदगुरु मेंहीं
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
साधना में आलस्य बड़ा दुश्मन है -सदगुरु मेंहीं
🙏🏻🕉️ *जय गुरूदेव* 🕉️🙏🏻 साधना में : आलस्य बड़ा दुश्मन है* *प्यारे प्रियदर्शनो!* आपलोग अपने-अपने घरों में नित्य सत्संग करते होंगे...


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
kumartarunyadav673@gmail.com